विवेक जैन, ब्यूरो चीफ, बागपत (यूपी), NIT:

जनपद बागपत में विश्व विरासत दिवस 2026 बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के जनता वैदिक कॉलेज बड़ौत, डाक बंगला बागपत तथा नवाब की हवेली खुर्शीद मंजिल सहित कई स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें देश-विदेश से आए लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित भारतीय शास्त्रीय संगीत कार्यशाला में बड़ौत स्थित पांचाल म्यूजिक सेंटर ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सेंटर के संस्थापक व अध्यक्ष पंडित रामशरण पांचाल के निर्देशन में विद्यार्थियों—वर्षा तोमर, आशा रानी पांचाल, टीना पांचाल, तबला वादक दीपक, सितार वादक गौरव जैन एवं आंचल रामनारायण—ने शास्त्रीय संगीत, नृत्य और ग़ज़ल की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
ऐतिहासिक नवाब की हवेली खुर्शीद मंजिल में आयोजित “शाम-ए-ग़ज़ल” कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं समाजसेवी नवाब अहमद हमीद की उपस्थिति में कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्राप्त हुई। इस दौरान पांचाल म्यूजिक सेंटर की प्रस्तुति को खूब सराहा गया।
नवाब अहमद हमीद ने कहा कि विश्व विरासत दिवस का उद्देश्य ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
संगीतज्ञ पंडित रामशरण पांचाल ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का निर्देशन स्वयं उनके द्वारा किया गया, जबकि संचालन वर्षा तोमर ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, जर्मनी से आई मिमि एवं उनकी टीम, सेंटर फॉर हिस्टोरिक हाउसेज ऑफ इंडिया की निदेशक डॉ. एस्थर स्मिट, जनता वैदिक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र प्रताप सिंह, कार्यक्रम संयोजक एवं जन उदय फाउंडेशन के चेयरमैन एडवोकेट भानु प्रताप सिंह तथा जिलाधिकारी बागपत अस्मिता लाल सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

