अशफ़ाक़ कायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

राजस्थान के चूरू जिले के रतननगर क्षेत्र में 55 वर्षीय व्यक्ति के अपहरण और डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हरियाणा में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और अपहृत रुक्मानंद को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले का पर्दाफाश किया। जानकारी के अनुसार, रतननगर निवासी रुक्मानंद का बदमाशों ने उस समय अपहरण कर लिया, जब वह सब्जी की दुकान से घर लौट रहे थे। इसके बाद आरोपियों ने परिजनों से डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डीएसटी, कोतवाली थाना, रतननगर थाना और साइबर टीम की संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की। करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई।
जांच के दौरान आरोपियों के हरियाणा भागने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए गुप्त रूप से कार्रवाई की और बुरका पहनकर आरोपियों तक पहुंच बनाई, ताकि उन्हें भनक न लगे। इसके बाद हरियाणा में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस ऑपरेशन में कोतवाली थाना के एसआई किशनाराम विश्नोई की अहम भूमिका रही। साथ ही कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह, नवीन कुमार, विकास कुमार, साइबर एक्सपर्ट रमाकांत, रतननगर थानाधिकारी रामनिवास, सीआई संदीप बिश्नोई, डीएसटी प्रभारी जयप्रकाश सहित पूरी टीम ने लगातार 48 घंटे तक कार्रवाई कर सफलता हासिल की।
पुलिस ने बिना किसी जनहानि और आर्थिक नुकसान के अपहृत को सुरक्षित छुड़ाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ निवासी मनोज व्यास और इंदौर (मध्यप्रदेश) निवासी आशीष पांचाल के रूप में हुई है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

