इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

परतवाडा और नाशिक में हाल ही में सामने आई गंभीर घटनाओं को लेकर जलगांव के एकता संघटन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संघटन ने इन मामलों की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
संघटन के अनुसार, परतवाडा में लड़कियों की रील्स के कथित दुरुपयोग और गैर-अख़लाक़ी गतिविधियों से जुड़े मामले सामने आए हैं। वहीं, नाशिक में एक मल्टीपर्पज़ कंपनी के माध्यम से धर्म परिवर्तन के नाम पर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली है। संघटन ने दोनों घटनाओं को समाज के लिए गंभीर और चिंताजनक बताया है।
एकता संघटन के समन्वयक फारुक शेख ने मीडिया, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से अपील करते हुए कहा कि फेक न्यूज़ फैलाकर या किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश न की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये मामले आपराधिक प्रकृति के हैं और इन्हें धर्म या जाति से जोड़ना गलत होगा।
संघटन ने प्रशासन से मांग की है कि सभी आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाए, जिसमें जरूरत पड़ने पर बुलडोजर कार्रवाई भी शामिल हो। संघटन ने अमरावती में हुई कार्रवाई का हवाला देते हुए नाशिक में भी निष्पक्ष और कठोर कदम उठाने की मांग की है।
कार्याध्यक्ष मौलाना रहीम पटेल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो एकता संघटन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेगा।
संघटन की ओर से यह मांग पत्र राज्य के मुख्यमंत्री को पालक मंत्री गुलाबराव पाटील के माध्यम से सौंपा गया। इस दौरान विधायक प्रा. चंद्रकांत सोनवणे, विधायक संजय सावकारे, विधायक अनिल पाटील और जिलाधिकारी रोहन घुगे भी उपस्थित रहे।

