शरीफ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

करमा क्षेत्र के सरौली गांव में गेहूं की थ्रेसिंग के दौरान एक मजदूर की दर्दनाक मौत के बाद मुआवजे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस दौरान ग्रामीणों, ग्राम प्रधान प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने से क्षेत्र के प्रधान प्रतिनिधियों में भारी आक्रोश फैल गया।
घटना से नाराज प्रधान प्रतिनिधियों ने भाजपा नेता विपिन तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बनाकर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोषी प्रशासनिक एवं पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रधान प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में जड़ेरूआ के प्रधान राज कुमार, चाड़ी के प्रधान विकास सिंह, बहेरा के प्रधान प्रतिनिधि धीरज सिंह, मिंटू सिंह बट सहित बड़ी संख्या में प्रधान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

