मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
कोतवाली पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता से बरेली मोड़ पर चल रहे सावन कृपाल रूहानी मिशन के कार्यक्रम में अपने परिजनों से बिछुड़ी दो नाबालिग बहनों को कुछ ही देर में सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों बच्चियों को उनके भाई के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
क्या है पूरा मामला
15/16 अप्रैल की रात पीआरवी को ग्राम शिउरा, थाना सेहरामऊ दक्षिणी निवासी प्रशांत सिंह, पुत्र अनुज सिंह ने सूचना दी कि उनकी दो बहनें — 12 वर्षीय साक्षी सिंह और 16 वर्षीय उपासना सिंह — बरेली मोड़ स्थित कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ के दौरान उनसे बिछुड़ गई हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत माइक से सार्वजनिक घोषणा कराई और आसपास के पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस की तत्परता लाई रंग
पुलिस की सक्रियता और तेज कार्रवाई का नतीजा रहा कि कुछ ही देर में दोनों बच्चियां सकुशल मिल गईं। पुलिस ने बच्चियों को सुरक्षित उनके भाई प्रशांत सिंह के सुपुर्द कर दिया।
बच्चियों के मिलते ही परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उन्होंने शाहजहाँपुर पुलिस की मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम का धन्यवाद किया।
पुलिस का संदेश
शाहजहाँपुर पुलिस ने कहा कि भीड़भाड़ वाले आयोजनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यदि कोई बच्चा बिछुड़ जाए तो तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस को सूचना दें। शाहजहाँपुर पुलिस जनसुरक्षा और सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
