मुक्तिधाम निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन | New India Times

त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

मुक्तिधाम निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन | New India Times

देवरी नगर के झुनकू वार्ड स्थित मुक्तिधाम में विगत 04 अप्रैल को जन सहयोग से चल रहे निर्माण कार्य पर प्रशासन द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मांग की गई कि जनकल्याण के कार्यों में गंदी राजनीति बंद की जाए और उनकी मांगों को शीघ्र पूरा किया जाए।

गौरतलब है कि विगत 04 अप्रैल को भाजपा मंडल अध्यक्ष भारतेंदु राजपूत की शिकायत पर प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई से नगर में असंतोष व्याप्त है।

वहीं, इससे पहले संगम मुक्तेश्वर महादेव सेवा समिति एवं देवरी नगर के नगरवासियों द्वारा 6 अप्रैल को तहसीलदार महोदय को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन प्रशासन द्वारा उक्त मामले में आज दिनांक तक कोई सुनवाई नहीं की गई।

इसके विरोध में 9 अप्रैल से 12 अप्रैल तक नगर पालिका चौराहे पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया तथा 13 अप्रैल से 15 अप्रैल तक क्रमिक हड़ताल जारी है। इसके बावजूद प्रशासन उक्त मामले से अब भी बेखबर नजर आ रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि यदि मांगे पूरी नहीं होती हैं, तो 16 अप्रैल से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन आयोजित किया जाएगा।

ज्ञापन में मांग की गई कि प्रशासन द्वारा कार्रवाई के दौरान जब्त की गई सामग्री वापस लौटाई जाए तथा नगर स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप बंद किया जाए। स्थानीय लोगों की दान राशि, सामग्री एवं श्रमदान से निर्मित ध्वस्त किए गए कार्यों को यथारूप पुनः निर्मित कराया जाए।

इसके अतिरिक्त ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि देवरी तहसीलदार को जनकल्याणकारी कार्यों हेतु श्मशान घाट में लकड़ी के भंडारण की व्यवस्था, चौकीदार की नियुक्ति, शवदाह उपरांत अस्थि संचय स्थान की व्यवस्था, नदी घाट निर्माण एवं जल स्रोत निर्मित करने के लिए निर्देशित किया जाए।

उक्त संबंध में विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री संजीव सोनी ने कहा कि सार्वजनिक हित एवं जनकल्याण के लिए नागरिकों की सहभागिता से किए जा रहे कार्यों को रोकना दुर्भावनापूर्ण है। उन्होंने 4 अप्रैल की घटना की घोर निंदा की।

ज्ञापन देने वालों में विश्व हिंदू परिषद जिला सह मंत्री संजीव सोनी, प्रखंड मंत्री नीरज नामदेव, बजरंग दल नगर अध्यक्ष अवध नेमा, विश्व हिंदू परिषद उपाध्यक्ष बाबूराम सेन, दीपक खत्री, केशु लखेरा, सौरभ कबीरपंथी, राजा सेन, नितिन साहू, पंकज कोष्टी, प्रदोष साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article