पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ धार (मप्र), NIT:

महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशन में विकासखंड तिरला के सेक्टर सलकनपुर में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा एवं पोषण आहार पखवाड़ा का आयोजन किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुभाष जैन के निर्देश एवं सीडीओ सत्यनारायण मकवाना के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। पर्यवेक्षक राखी देवड़ा द्वारा बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस अधिनियम के तहत लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है, जो निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसके साथ ही पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत कार्यकर्ताओं द्वारा पौष्टिक आहार से विभिन्न व्यंजन तैयार किए गए, जिनकी ग्रामवासियों ने सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के तहत जागरूकता रैली निकाली और “नारी शक्ति वंदन अधिनियम हमारा अधिकार” के नारे लगाए।

