आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

नर सेवा ही नारायण सेवा की भावना को साकार करते हुए सेवा सहयोग संगठन, जिला छिंदवाड़ा (म.प्र.) के अंतर्गत संचालित “कपड़ा बैंक” द्वारा जनसेवा का एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

रविवार, 12 अप्रैल 2026 को ब्लॉक परासिया के वार्ड क्रमांक 10, भट्टी मोहल्ला में जरूरतमंद परिवारों के लिए निःशुल्क कपड़ा एवं सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सेवा अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कपड़ा बैंक को प्राप्त दान सामग्री, जैसे पैंट-शर्ट, बच्चों के वस्त्र, सलवार-सूट, साड़ियां, जूते-चप्पल, हैंडबैग, स्लेट एवं खिलौने, सैकड़ों जरूरतमंदों को निःशुल्क वितरित किए गए। इस पहल ने न केवल लोगों की दैनिक जरूरतों को पूरा किया, बल्कि उनके चेहरे पर आत्मसम्मान और खुशी भी लौटाई।
कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में सेवा और सहयोग का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने कपड़ा बैंक की इस पहल को मानवता के प्रति एक प्रेरणादायक कदम बताया। विशेष रूप से यह पहल समाज में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित हुई।
सामग्री संग्रहण में शहर के विभिन्न कलेक्शन पॉइंट्स— शू पैलेस (फव्वारा चौक), शमीम फिरोज थोबानी, बनी ठनी (चित्रकूट कॉम्प्लेक्स, नागपुर रोड) एवं श्रीमती शिवानी मिश्रा के कलेक्शन सेंटर का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिससे यह सेवा कार्य संभव हो सका।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वार्ड पार्षद बसंत मालवीय, गगन खंडूजा, खातरकर जी एवं अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजन राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता महेश भावरकर के मार्गदर्शन एवं जिला अध्यक्ष मीरा पराड़कर के निर्देशन में संपन्न हुआ। साथ ही संरक्षक अलका शुक्ला, अर्चना लोखंडे, उमा सोनी, उपाध्यक्ष डॉ. सविता चौरे, ब्लॉक अध्यक्ष स्वाति श्रीवास्तव, परासिया प्रभारी श्रीमती सीमा शुक्ला सहित अन्य सदस्यों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
मीडिया प्रभारी श्याम कोलारे ने बताया कि संस्था भविष्य में भी इसी तरह जनसेवा के कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के लिए सतत प्रयास करती रहेगी।

