संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मझगुवां शेख में 30 वर्षीय युवक द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव थाना परिसर में रखकर विरोध प्रदर्शन किया और एक स्थानीय डॉक्टर पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतक कल्याण सिंह राजपूत (पिता पहलवान सिंह राजपूत) के परिजनों का सीधा आरोप है कि कल्याण सिंह ने अमानगंज के मटकी चौराहा निवासी डॉ. डब्बू ताम्रकार से कुछ पैसे ब्याज पर उधार लिए थे।
परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ समय से डॉक्टर द्वारा पैसे वापस करने को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि डॉक्टर ने मृतक के साथ मारपीट भी की थी, जिससे क्षुब्ध होकर कल्याण सिंह ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
पुलिस दस्तावेजों के अनुसार, घटना 12 अप्रैल 2026 की रात की बताई जा रही है। जहर सेवन के बाद कल्याण सिंह को तत्काल जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया, जहाँ ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी द्वारा अमानगंज थाने को मर्ग डायरी भेज दी गई।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि सूदखोरी और प्रताड़ना करने वाले आरोपी के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए।
अमानगंज पुलिस ने इस मामले में धारा 194 बीएनएसएस (BNSS) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और एसडीएम पन्ना को भी सूचित किया गया है।
