मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव के अंतर्गत पनारा के ग्राम हेटी ढाना, वार्ड नंबर 1 स्थित प्राथमिक शाला हेटी ढाना में वर्षों से सड़क नहीं होने के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल बनने के समय से लेकर आज तक यहां तक पहुंचने के लिए कोई पक्की सड़क नहीं बनाई गई है।
सड़क नहीं होने के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को खेतों के आसपास से होकर स्कूल आना-जाना पड़ता है। जब खेतों में फसल लगी रहती है, तब आवागमन और अधिक कठिन हो जाता है। बारिश के मौसम में खेतों में कीचड़ और चिकनी मिट्टी होने के कारण स्कूल पहुंचना बहुत मुश्किल हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने बताया कि मुख्य सड़क से स्कूल की दूरी लगभग 100 से 150 मीटर है, लेकिन बारिश के समय कीचड़ के कारण इस दूरी को तय करना काफी कठिन हो जाता है। वहीं शिक्षकों और मध्यान भोजन बनाने वाली कुक को भी हेड पंप से पानी लाने में भारी परेशानी होती है।
विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मुख्य सड़क से स्कूल तक सीसी रोड का निर्माण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल तक पहुंचने के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध है, जिससे आसानी से सीसी रोड का निर्माण किया जा सकता है।

