पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:
दिनांक 07.04.2026 को फरियादिया प्रियंका पुरोहित, निवासी गोंदीखेड़ा चारण, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात बदमाशों द्वारा रात्रि में मेरे पति को जान से मारने की नियत से धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई तथा मुझे बंधक बनाकर सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी लूटकर ले गए।
फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना राजोद में अपराध क्रमांक 83/2026 धारा 331(8), 311, 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त घटना को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से लेते हुए श्रीमान पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण जोन, इंदौर श्री अनुराग (भा.पु.से.), उपमहानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण जोन श्री मनोज कुमार सिंह (भा.पु.से.), तथा उप पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक धार श्री मयंक अवस्थी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार श्रीमती पारुल बेलापुरकर के नेतृत्व में एसडीओपी सरदारपुर श्री विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीम द्वारा वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर जांच करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वाड एवं साइबर टीम को बुलाकर सूक्ष्मता से जांच की गई।
जांच के दौरान संदेह की दिशा मृतक की पत्नी प्रियंका पुरोहित की ओर गई। ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ तथा विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर प्रियंका पर संदेह और मजबूत हुआ।
प्रियंका से महिला पुलिस की उपस्थिति में पूछताछ की गई, जिसमें प्रारंभ में उसने पुलिस को गुमराह किया। बाद में कड़ाई एवं मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर प्रियंका ने कमलेश पुरोहित, निवासी राजगढ़, के साथ प्रेम संबंध होना स्वीकार किया। उसने बताया कि पति देवकृष्ण से परेशान होकर और उससे पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर षड्यंत्र रचकर पति की हत्या एवं लूट की घटना को अंजाम दिया।
आरोपी कमलेश ने पूछताछ के दौरान बताया कि प्रियंका और मेरे बीच प्रेम संबंध थे तथा उसका पति देवकृष्ण उसे परेशान करता था। उसे रास्ते से हटाने के उद्देश्य से मेरे दोस्त सुरेन्द्र, निवासी छण्डावद, को 01 लाख रुपये दिए गए थे तथा घटना को लूट का रूप देने का षड्यंत्र हमारे द्वारा रचा गया था।
आरोपी प्रियंका एवं कमलेश को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ जारी है तथा सह-आरोपी सुरेन्द्र की तलाश एवं गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रकरण में आरोपी प्रियंका से पूछताछ के दौरान लूटा गया मशरूका (सोने एवं चांदी के आभूषण) घर में ही होना बताया गया है, जिसकी अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. प्रियंकाबाई पति देवकृष्ण पुरोहित, उम्र 27 वर्ष, निवासी गोंदीखेड़ा चारण, थाना राजोद, जिला धार — गिरफ्तार
2. कमलेश पिता मोहनलाल पुरोहित, उम्र 33 वर्ष, निवासी संजय कॉलोनी, राजगढ़, जिला धार — गिरफ्तार
3. सुरेन्द्र पिता प्रतापसिंह भाटी, निवासी छण्डावद, राजगढ़, जिला धार — फरार
