मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
शाहजहांपुर में सोमवार रात करीब 2:30 बजे रोजा मंडी में लगी आग से फल व सब्जी विक्रेताओं का लाखों रुपये का नुकसान हो गया। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस आग से व्यापारियों पर दोहरा असर पड़ा है। माल के नुकसान के साथ-साथ दुकानदारों के खाते भी जलकर नष्ट हो गए। व्यापारियों का कहना है कि अब उन्हें लेनदेन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
बरेली मंडी परिषद के उपनिदेशक रविंद्र कुमार ने शाहजहांपुर पहुंचकर रोजा मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन चबूतरों का आवंटन किया गया था, उनमें 18 लाइसेंसी व्यापारियों का नुकसान हुआ है। कमेटी बनाकर उनके नुकसान का आकलन किया जाएगा। साथ ही मंडी के पुनर्निर्माण की भी बात कही गई है।
