संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कहा कि परियोजना पूर्ण होने पर ग्वालियर से आगरा तक की यात्रा महज 45 से 50 मिनट में पूरी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधुनिक सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
करीब 5500 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यह 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे वर्तमान मार्ग की तुलना में 32 किलोमीटर छोटा होगा और इसकी कुल लंबाई लगभग 88 किलोमीटर रहेगी। इस हाईस्पीड कॉरिडोर पर न्यूनतम गति 100 किमी प्रति घंटा निर्धारित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

सीमित एंट्री-एग्जिट से होगा सुगम यातायात
मंत्री सिंधिया ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर सीमित प्रवेश और निकास बिंदु बनाए जाएंगे। पूरे मार्ग में कुल चार एंट्री-एग्जिट पॉइंट होंगे, जिससे यातायात निर्बाध और सुरक्षित रहेगा।
चंबल पर बनेगा 6 लेन का अत्याधुनिक पुल
परियोजना के तहत चंबल नदी पर आधुनिक तकनीक से 6 लेन ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। साथ ही शिवपुरी को जोड़ने के लिए 28 किलोमीटर लंबा पश्चिमी बायपास भी विकसित किया जाएगा, जिसकी लागत लगभग 1400 करोड़ रुपए है। इससे दिल्ली सहित क्षेत्र के अन्य शहरों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति
मंत्री सिंधिया ने बताया कि एक्सप्रेस-वे और बायपास सहित लगभग 7000 करोड़ रुपए की परियोजनाएं ग्वालियर-चंबल क्षेत्र को मिली हैं। इसके अलावा ग्वालियर में 600 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक रेलवे स्टेशन का निर्माण भी किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में निवेश, रोजगार और व्यापार के नए अवसर बढ़ेंगे।
एलीवेटेड रोड का भी किया निरीक्षण
ग्वालियर प्रवास के दौरान सिंधिया ने हजीरा क्षेत्र में निर्माणाधीन एलीवेटेड रोड का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए।

