अहमद रज़ा खान, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

गंगा नदी के तट पर स्थित चुनार किला घाट पर सामुदायिक जेटी (Community Jetty) का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
चुनार प्राचीन काल से ही जलमार्ग के दृष्टिकोण से एक अहम केंद्र रहा है। इसी ऐतिहासिक महत्व को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए अब यहां जेटी का निर्माण किया गया है, जिससे बड़ी नावों और लग्जरी क्रूज़ के जरिए आने वाले पर्यटकों को सीधे घाट पर उतरने की सुविधा मिलेगी।
इस नई व्यवस्था के तहत बनारस से संचालित होने वाली क्रूज़ सेवाएं अब सीधे चुनार घाट तक पहुंच सकेंगी। इससे पर्यटकों को चुनार किला और आसपास के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करने में काफी आसानी होगी।
जेटी के निर्माण से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों, दुकानदारों और छोटे व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलने की संभावना है।
आने वाले समय में गंगा की लहरों पर सवार क्रूज़ जब सैलानियों को लेकर चुनार पहुंचेंगे, तो यह नगर मिर्जापुर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरेगा।

