रहीम शेरानी हिंदुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

जैन समाज द्वारा आयोजित होने वाले भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। युगप्रभावक आचार्य पुण्य सम्राट श्रीमद जयंतसेन सूरीश्वरजी के दिव्य आशीर्वाद एवं वर्तमान आचार्य धर्मदिवाकर श्रीमद नित्यसेन सूरीश्वरजी की मंगल निश्रा में 22 अप्रैल से 26 अप्रैल तक श्री आदिनाथ परमात्मा, गणधर एवं गुरु प्रतिमाओं के गादीनशीन समारोह का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन श्री सोधर्म बृहत पौगच्छीय त्रिस्तुतिक संघ ओसवाल पंच द्वारा किया जा रहा है। प्रतिष्ठा समारोह के लिए झाबुआ, धार, अलीराजपुर, इंदौर, रतलाम, जावरा, राजगढ़, मोहनखेड़ा जी सहित पालीताना और शंखेश्वर जैसे प्रमुख तीर्थों में निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।

इसी क्रम में मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप, संघ के वरिष्ठ महामंत्री मनोहरलाल पूराणी तथा भरतपुर तीर्थ के अध्यक्ष बाबूलाल जैन को भी आमंत्रित किया गया है। सभी ने समारोह में शामिल होने का आश्वासन दिया है।
सूत्रों के अनुसार, प्रतिष्ठा महोत्सव में आचार्य नित्यसेन सूरीश्वरजी के सानिध्य में लगभग 17 मुनि भगवंत एवं 40 से अधिक साध्वीजी महाराज के पधारने की संभावना है। वरिष्ठ मुनिराज श्री सिद्धरत्न विजय जी, विद्वदरत्न विजय जी, प्रशमसेन विजय जी सहित कई मुनिगण एवं साध्वी संघ की उपस्थिति से आयोजन भव्य होगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संघ अध्यक्ष दिलीप सकलेचा, सचिव प्रदीप भंसाली, कोषाध्यक्ष विक्की सकलेचा तथा प्रतिष्ठा समिति के अध्यक्ष तरुण सकलेचा, कोषाध्यक्ष विपुल सेठ, सचिव मुकेश हरण सहित अनेक समाजजन सक्रिय हैं।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को गरिमामय बनाने की अपील की है।

