अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर से बड़ी खबर सामने आई है। पीरपैंती थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनन और वाहनों की अवैध पासिंग कराने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पुलिस गश्ती दल की लोकेशन साझा कर अवैध खनन में लगे वाहनों को सुरक्षित निकलवाने का काम कर रहे हैं।

इसी सूचना के आधार पर 3 अप्रैल 2026 की रात गश्ती दल ने एक संदिग्ध वाहन का पीछा किया और साहू मंडी-कहलगांव रोड के पास उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने गिरोह से जुड़े कई अहम खुलासे किए। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य वाहन भी बरामद किया, जिसमें सवार तीन और लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 1 कार, एक स्कॉर्पियो, 1 लाख 30 हजार 500 रुपये नकद और 7 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।
