मेघनगर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु दिशा-निर्देशों पर बैठक आयोजित, 1 अप्रैल से नया सत्र प्रारंभ | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश शासन के शिक्षा विभाग द्वारा आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार नया सत्र 01 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा।

इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मेघनगर, सुश्री अवन्धती प्रधान की अध्यक्षता में मेघनगर अनुभाग के प्राचार्यों, जनशिक्षकों एवं छात्रावास/आश्रम अधीक्षकों की बैठक आयोजित की गई।

एसडीएम ने निर्देश दिए कि समस्त हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में शिक्षक प्रतिदिन समय से पूर्व विद्यालय में उपस्थित हों।

सत्र के प्रथम दिन “प्रवेशोत्सव” का आयोजन किया जाए, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश देने की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। कक्षा 10वीं के जिन विद्यार्थियों का परिणाम अभी शेष है, उन्हें अस्थायी रूप से अगली कक्षा में प्रवेश देकर शिक्षण कार्य प्रारंभ कराया जाए। नामांकन की शत-प्रतिशत कार्यवाही मार्च माह में ही पूर्ण कर ली जाए।

विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षक अपने कैचमेंट क्षेत्र के अभिभावकों से सतत संपर्क बनाए रखें। विशेष रूप से स्कूल छोड़ चुके विद्यार्थियों पर ध्यान देकर उन्हें पुनः मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएं।

नए सत्र की शुरुआत के साथ ही 02 अप्रैल 2026 को शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यालय के पूर्व छात्रों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा।

बैठक में छात्रों के नामांकन, उपस्थिति, उपलब्धि स्तर एवं वार्षिक शैक्षणिक कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

अप्रैल माह में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों को विषयों की मूल अवधारणाओं का अभ्यास कराया जाएगा, जिसमें हिंदी शुद्ध लेखन, अंग्रेजी व्याकरण एवं गणित की बुनियादी क्रियाओं (जैसे भिन्न, ज्यामिति और भाग) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विद्यार्थियों को ग्रीष्मकालीन अवकाश हेतु स्थानीय एवं कौशल विकास आधारित व्यक्तिगत एवं सामूहिक प्रोजेक्ट कार्य भी दिए जाएंगे।

शिक्षण व्यवस्था को आधुनिक एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। कक्षा शिक्षक अभिभावकों के व्हाट्सएप समूह बनाएं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन अनुपस्थित विद्यार्थियों की जानकारी साझा की जाएगी।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रत्येक शनिवार को बालसभा का आयोजन किया जाएगा। साथ ही सीएम राइज एवं उत्कृष्ट विद्यालयों में सार्वभौमिक मानवीय मूल्य (UHV) की गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

विद्यालय की दैनिक प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान, मध्य प्रदेश गान, समाचार वाचन एवं महापुरुषों की जयंती जैसे कार्यक्रम अनिवार्य रूप से शामिल किए जाएंगे।

बैठक में कक्षा 5वीं, 8वीं, 9वीं एवं 11वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा भी की गई। अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए द्वितीय अवसर परीक्षा हेतु विशेष कोचिंग संचालित की जाएगी।
साथ ही अपार आईडी, ओटीआर, प्रोफाइल पंजीयन, समग्र एवं आधार सुधार के निर्देश भी दिए गए।

छात्रावास/आश्रम अधीक्षकों को मुख्यालय पर निवास करने, पालक समिति की नियमित बैठक करने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, पालकों से निरीक्षण करवाने, शिकायत पेटी रखने, गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों की शिकायतों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर दीपेश कुमार सोलंकी (बीईओ मेघनगर), महेश सोलंकी (बीआरसी मेघनगर) सहित प्राचार्य, जनशिक्षक एवं अधीक्षक उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version