रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्रीवनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर, फुट तालाब में चल रहे हनुमान जयंती महोत्सव के अंतर्गत शनिवार रात प्रसिद्ध भजन गायिका आशा वैष्णव ने अपनी मधुर स्वर लहरियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री गणेश वंदना और श्री हनुमान जी के जयकारों के साथ हुई। इस अवसर पर भजन गायिका आशा वैष्णव एवं उनकी टीम का स्वागत प्रदेश के वरिष्ठ समाजसेवी सुरेशचंद्र पूरणमल जैन, श्रीमती सीमा सुरेश जैन, राजेश ‘रिंकू’ जैन, पूजा जैन, अन्तिमबाला जैन एवं पूर्वा जैन द्वारा किया गया।

अपने संबोधन में आशा वैष्णव ने फुट तालाब हनुमान जयंती महोत्सव को प्रदेश का प्रमुख धार्मिक आयोजन बताते हुए आयोजकों ‘पप्पू भैया’ और ‘रिंकू भैया’ की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों तक इस तरह का विशाल धार्मिक आयोजन करना बड़ी बात है और मेघनगर का यह सौभाग्य है कि यहाँ ऐसे धर्मप्रेमी लोग हैं, जो लगातार धर्म की अलख जगा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान आशा वैष्णव ने “मैया की चुनर उड़ जाए, पवन जरा धीरे चलो रे” और “सबसे प्यारा कौन है मेरे पापा” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर माँ और पिता के महत्व को दर्शाया। साथ ही गुजराती भजनों के माध्यम से भगवान राधा-कृष्ण और हनुमान जी के भजन भी प्रस्तुत किए। उनके भजनों पर श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमते नजर आए।
आयोजन समिति के रिंकू भैया एवं जैकी जैन ने बताया कि 30 मार्च की शाम 8 बजे अरुणिका कांजीलाल अपनी टीम के साथ मंच पर प्रस्तुति देंगी।
मंदिर के महंत श्री दिलीपदास महाराज एवं आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे प्रतिदिन शाम 7:30 बजे आयोजित होने वाली श्रीराम भक्त हनुमान जी की महाआरती में शामिल हों और धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ उठाएँ।

