मक़सूद अली, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

स्थानीय अपराध शाखा ने एक सनसनीखेज हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए अज्ञात महिला की पहचान कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला कलंब थाना क्षेत्र के तासलोट जंगल इलाके में मिले सड़े-गले शव से जुड़ा हुआ था।

पुलिस के अनुसार, जंगल में एक महिला का शव अत्यंत खराब अवस्था में मिला था। शव का चेहरा जला हुआ था और जंगली जानवरों द्वारा शरीर को काफी नुकसान पहुंचाया गया था, जिससे उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया था। इस मामले में पुलिस ने हत्या और सबूत नष्ट करने का प्रकरण दर्ज किया था।
जांच के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कुल 8 विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों में लापता महिलाओं की जानकारी जुटाई, 196 सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा करीब 40,000 मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया।
कड़ी जांच के बाद मृतका की पहचान रानी किशोर वानखड़े (उम्र 26 वर्ष, निवासी यवतमाल) के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी सतीश रमेश कश्यप (उम्र 20 वर्ष), जो पानीपुरी विक्रेता है, और एक विधि-संघर्षग्रस्त नाबालिग इस हत्या में शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 मार्च 2026 को आरोपी ने महिला को पुणे से यवतमाल बुलाया। 11 मार्च को दोनों विभिन्न स्थानों पर घूमने के बाद शाम को तासलोट जंगल क्षेत्र पहुंचे, जहां प्रेम संबंधों में हुए विवाद के चलते आरोपी ने पहले से योजना बनाकर दुपट्टे से गला घोंटा और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को पत्थरों से कुचलने और पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया, ताकि पहचान मिटाई जा सके। साथ ही, महिला के सामान को भी जलाकर सबूत नष्ट करने की कोशिश की गई।
सीसीटीवी फुटेज में एक मोपेड पर महिला और पुरुष जाते हुए दिखाई दिए, जबकि लौटते समय केवल पुरुष नजर आया। इसी आधार पर पुलिस ने वाहन और मोबाइल डेटा के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
