मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी तहसील जुन्नारदेव में भीषण गर्मी के इस दौर में तहसील परिसर में आने वाले लोगों के लिए पीने के पानी की समस्या इन दिनों गंभीर बनी हुई है। यहां खाद एवं अन्य विभागों के कार्यालयों के पास रखी पानी की मशीनें भी खराब पड़ी हैं।
वहीं, निजी तौर पर मंगाए जाने वाले पानी के कैंपर में भी पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग मजबूरी में ₹20 की बोतल खरीदकर पानी पी रहे हैं।
इतने अधिकारियों के मौजूद होने के बावजूद यह समस्या एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। तहसील परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग लगातार उठ रही है।
गर्मी के चलते किसी का गला सूखा न रहे, इसके लिए बाजार क्षेत्र में जगह-जगह प्याऊ की व्यवस्था की गई है, लेकिन इतने सरकारी कार्यालय होने के बावजूद तहसील परिसर में पीने के पानी की सुविधा का अभाव चिंता का विषय बना हुआ है।
