विवेक जैन, बागपत (यूपी), NIT:
खेकड़ा तहसील के घिटौरा गांव स्थित ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य देवेन्द्र त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एमएम डिग्री कॉलेज खेकड़ा के अध्यक्ष एवं ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल मवीकलां के प्रधानाचार्य ब्रिजेश शर्मा तथा भाजपा नेता व सुप्रसिद्ध समाजसेवी नवीन चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, एमएम डिग्री कॉलेज खेकड़ा के कार्यकारिणी सदस्य कमलकांत त्रिपाठी, सीडीएस पब्लिक स्कूल हसनपुर मसूरी के प्रधानाचार्य संतकुमार धामा, सुन्हेड़ा के प्रमुख समाजसेवी रणवीर सिंह एवं अनंत आर्य सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के प्रबंधक रामकुमार शर्मा एवं प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंघल ने अतिथियों का तिलक लगाकर, माला एवं पटका पहनाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की पूजा एवं मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत रूप से किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाने वाली एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में विद्यालय द्वारा दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सराहना की। विद्यालय के प्रबंधक रामकुमार शर्मा ने कहा कि उनका प्रयास है कि शिक्षा बच्चों के लिए बोझ न होकर आनंददायक बने। विद्यालय में विद्यार्थियों के बौद्धिक, भावनात्मक और शारीरिक विकास के साथ-साथ नैतिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले छात्रों, विद्यालय के टॉपर एवं स्टाफ को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विभा एवं रिंकी ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर शिक्षक जौनी, मुकेश कुमार, सचिन शर्मा, अभिनव सिंघल, मनवीर, सतेन्द्र, प्रवीण, रिंकू, धर्मेन्द्र, नवीन, हर्ष, सीमा शर्मा, मेघा सिंघल, रिंकी शर्मा, विभा, अंजली, निधि, काजल, मौसम, शैली, हर्षिता, आंचल, पायल, सारिका, सुरेन्द्र प्रधान, बलीचंद, महेन्द्र, जयनिवास नेताजी, आदेश बैसला, पीतम शर्मा, ब्रजपाल बैसला, कमल शर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
