मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
शाहजहांपुर में अफीम तस्कर बाबू उर्फ रियाज की करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति शाहजहांपुर पुलिस और मुजफ्फरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने सीज कर दी है।
मुजफ्फरनगर पुलिस और शाहजहांपुर जनपद की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्कर बाबू उर्फ रियाज पुत्र सरताज, निवासी मोहल्ला आतिशबाजन, कस्बा कटरा, जिला शाहजहांपुर के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी कर अवैध रूप से संपत्ति अर्जित की थी।
उक्त प्रकरण में सक्षम प्राधिकारी SAFEMA कोर्ट, दिल्ली के आदेश के अनुसार शाहजहांपुर और मुजफ्फरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज की।
इस कार्रवाई में सीओ ज्योति यादव, तहसीलदार दीपक कुमार, प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार (थाना कटरा), जुगल किशोर पाल (थाना तिलहर), हरकेश सिंह (थाना गढ़िया रंगीन), सत्य प्रकाश सिंह (थाना खुदागंज), प्रिंस कुमार (थाना जैतीपुर) तथा मुजफ्फरनगर के थाना बुढ़ाना से वरिष्ठ उपनिरीक्षक ललित कुमार शर्मा, योगेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
सीओ ज्योति यादव ने बताया कि बाबू उर्फ रियाज के खिलाफ विभिन्न जिलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। शाहजहांपुर और मुजफ्फरनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तस्करी से अर्जित 80 करोड़ रुपये की संपत्ति को सीज किया गया है। साथ ही थाना कटरा पुलिस द्वारा गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई प्रचलित है।
