मैलानी में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV टीकाकरण शुरू, सरकारी केंद्रों पर मुफ्त सुविधा | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

महिलाओं में बढ़ते सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ी पहल की है। अब इस जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए प्रभावी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीका सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध करा दिया गया है।

मैलानी उप स्वास्थ्य केंद्र के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) सोहन सिंह ने बताया कि क्षेत्र की किशोरियों को सुरक्षित रखने के लिए पैपिलोमावायरस वैक्सीन अब केंद्र पर उपलब्ध है। उन्होंने विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की बेटियों के अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य करवाएं।

विशेषज्ञों के अनुसार, किशोरावस्था में यह टीका लगवाना सबसे अधिक प्रभावी होता है क्योंकि इस उम्र में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर प्रतिक्रिया देती है। समय पर वैक्सीनेशन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर देता है।

चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि पैपिलोमावायरस संक्रमण महिलाओं में कैंसर का मुख्य कारण है और टीकाकरण ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

अफवाहों से बचें, स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ें

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्रवासियों को जागरूक करते हुए कहा है कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। विभाग ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर टीकाकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

यह कदम महिला स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version