वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर-खीरी (यूपी), NIT:

फरधान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मंगलवार को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को टीका लगाया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेई एवं भाजपा जिला महामंत्री आशू मिश्रा ने फीता काटकर किया।
डॉ. अमित बाजपेई ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष की आयु किशोरियों के लिए यह टीका सबसे उपयुक्त है, जिससे भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि यह अभियान तीन माह तक संचालित किया जाएगा और नियमित रूप से सीएचसी में टीकाकरण किया जाएगा। अभियान के पहले दिन क्षेत्र की 37 किशोरियों को टीका लगाया गया।
डॉ. बाजपेई ने यह भी बताया कि टीकाकरण के बाद किसी भी प्रकार की समस्या के लिए अस्पताल में समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही, टीका लगवाने वाली किशोरियों के बैठने और देखभाल की भी पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बच्चियों को इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ दिलाएं, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।
इस अवसर पर फार्मासिस्ट यशपाल वर्मा, अरविंद सिंह, स्टाफ नर्स अराधना मिश्रा, चंद्रवती, सुशीला यादव, रविंद्र अवस्थी, दिनेश शर्मा, विनीत अवस्थी, कपिल मिश्रा, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी एवं किशोरियां उपस्थित रहीं।

