अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति (रजि.), उत्तर प्रदेश द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन होटल निविशिका इन में किया गया।
यह समारोह दिनांक 18/03/2026 को बरेली-जयपुर एक्सप्रेस-वे, जनपद मथुरा पर घटित एक साहसिक घटना के सम्मान में आयोजित किया गया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस के उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने अद्वितीय साहस, तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए जलती हुई स्कूल बस से 38 मासूम बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई।
उनका यह कार्य अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक है। यह साहसिक और मानवता से परिपूर्ण कार्य समाज के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जिस पर हम सभी को गर्व है।
ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जन जागरूकता समिति (रजि.), उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने सत्येंद्र सिंह को फूलमाला पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “आपके इस वीरतापूर्ण कार्य के लिए आपको सम्मानित करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।”
उन्होंने सत्येंद्र सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी बने रहें।
अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा महिला की प्रदेश अध्यक्ष मीना यादव ने कहा कि सत्येंद्र सिंह के इस साहसिक कार्य से समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए, जिससे समाज और अधिक संगठित एवं मजबूत बन सके। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक संस्था द्वारा 3000 से अधिक लोगों को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम में चंद्र मोहन दीक्षित, दीपक सारस्वत, नरेंद्र दीक्षित, धर्मवीर सिंह, मनीष शर्मा, रमन यादव, पुष्पेंद्र चाहर, लोकेन्द्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

