ओमप्रकाश सोनी, अनूपपुर, (मप्र), NIT:
चौकी फुनगा पुलिस द्वारा अवैध रेत खनन एवं परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया है। Moti-ur-Rahman, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Jagnath Markam एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) कोतमा Naveen Tiwari के मार्गदर्शन में चौकी फुनगा पुलिस द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 22.03.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नीले रंग का पावरट्रैक ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से रेत खनन कर कठना नदी से ग्राम बम्हनी की ओर परिवहन कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए फुनगा पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर गवाहों की उपस्थिति में वाहन को रोका।
जांच के दौरान नीले रंग का पावरट्रैक ट्रैक्टर, क्रमांक MP 18 ZG 0780 पाया गया। चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम तेजभान बैगा, पिता बिहानू बैगा, उम्र 26 वर्ष, निवासी झिरिया, थाना बुढार बताया। ट्रैक्टर के मालिक का नाम पुष्पेंद्र साहू, पिता भैयालाल साहू, निवासी झरिया, थाना बुढार बताया गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में लोड रेत के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तथा चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं पाया गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह कठना नदी से रेत लोड कर ग्राम बम्हनी में विक्रय हेतु ले जा रहा था।
ट्रॉली में लगभग 03 घन मीटर रेत (कीमत लगभग ₹3,000) तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली (कीमत लगभग ₹7,00,000) सहित कुल ₹7,03,000 का मशरूका गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) बीएनएस, 3/181, 5/180 मोटर व्हीकल एक्ट एवं 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सोने सिंह परस्ते (चौकी प्रभारी), प्रधान आरक्षक सूर्यभान सिंह एवं आरक्षक वीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
