वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
आस्था और शक्ति के पर्व नवरात्र के बीच जिले में ‘बेटी बचाओ, कैंसर भगाओ’ का सशक्त संदेश गूंजा। प्रधानमंत्री Narendra Modi की प्राथमिकता वाले सर्वाइकल कैंसर रोकथाम अभियान के तहत जिला महिला चिकित्सालय से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई।
अभियान का शुभारंभ डीएम Durga Shakti Nagpal, विधायक Yogesh Verma, बीजेपी जिलाध्यक्ष Arvind Gupta और एसपी Dr. Khyati Garg ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता तथा सीएमएस डॉ. ए.के. गुप्ता भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। अब जागरूकता ही सबसे बड़ी ढाल है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीका अवश्य लगवाएं।
यह वैक्सीन पूरी तरह निःशुल्क है और 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों के लिए उपलब्ध है। टीकाकरण के लिए अभिभावक यूविन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन कर आसानी से अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं।
विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि बेटियां हमारे समाज की शक्ति हैं। उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव अब संभव है और इसके लिए सरकार ने निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन की सुविधा उपलब्ध कराई है। यह सिर्फ एक टीका नहीं, बल्कि हमारी बेटियों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी है।
बीजेपी जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने प्रधानमंत्री की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के नेतृत्व ने बेटियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस अभियान को सफल बनाएं। नवरात्र में मां शक्ति की पूजा के साथ हर बेटी की सुरक्षा और सेहत का संकल्प लेना ही सच्ची आराधना है।
जिला महिला अस्पताल से शुरू हुए इस एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के तहत जिले को 12 हजार किशोरियों का लक्ष्य दिया गया है। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि टीकाकरण जिला महिला अस्पताल एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार किया जाएगा। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है।
