रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

माहे रमज़ान के मुकद्दस मौके पर मेघनगर के नयापुरा स्थित नुरे मोहम्मदी मस्जिद में इबादत और रूहानियत का खास माहौल देखने को मिला। मस्जिद के पेश इमाम हाफिज रिजवान साहब ने पूरे रमज़ान माह में तरावीह की नमाज़ अदा कराई और मुकम्मल तौर पर कुरआन शरीफ जुबानी सुनाया।
रमज़ान के दौरान उन्होंने नमाज़, रोज़ा और नेक अमल की अहमियत पर तकरीर करते हुए खासकर युवाओं को मस्जिद से जुड़ने और पांच वक्त की नमाज़ अदा करने की नसीहत दी। अपने बयानों में उन्होंने गुनाहों से तौबा करने और नेक रास्ते पर चलने की भी हिदायत दी।

रमज़ान के आखिरी जुम्मे (अलविदा जुम्मा) के मौके पर हाफिज रिजवान साहब ने दुआ की फज़ीलत बयान करते हुए कहा कि सच्चे दिल से की गई दुआ कभी खाली नहीं जाती, बल्कि अल्लाह तआला उसे किसी न किसी रूप में कबूल फरमाता है।
इसी कड़ी में नयापुरा बस्ती के लोगों ने उनकी खिदमत और दीनी सेवाओं से खुश होकर उन्हें ईद का खास तोहफा देते हुए हीरो होंडा शाइन बाइक भेंट की। इस मौके पर क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा गया।
ईद-उल-फितर के दिन ईदगाह पर नमाज़ अदा करने के बाद शहर में हिन्दू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल देखने को मिली, जहां लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
नमाज़ के बाद मुल्क और कौम की सलामती के लिए दुआएं मांगी गईं। इसके बाद लोग कब्रिस्तान पहुंचे, जहां अपने मरहूम रिश्तेदारों के लिए ईसाले सवाब और दुआएं खैर की गईं।

