इमरान खान, जलगांव (महाराष्ट्र) NIT:
भुसावल में प्रेम विवाह को लेकर एक युवक के साथ अमानवीय मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को निर्वस्त्र कर खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के मुताबिक, एक युवक और युवती ने 18 मार्च 2026 को नासिक में प्रेम विवाह किया था। इसके बाद 19 मार्च को दोनों ने स्थानीय पुलिस थाने में उपस्थित होकर अपने विवाह की जानकारी दी थी।
बताया जा रहा है कि 20 मार्च को युवती के परिजन और उनके साथ आए 10-12 लोगों ने युवक के मामा के घर पहुंचकर उसे जबरन उठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने युवक को खंभे से बांधकर निर्वस्त्र किया और लोहे की रॉड व पत्थरों से उसकी जमकर पिटाई की। इतना ही नहीं, उसे दोपहिया वाहन से उसके गांव ले जाकर भी मारपीट की गई।
आरोपियों ने युवक के माता-पिता को भी गंभीर धमकियां दीं, यहां तक कि घर जलाने की चेतावनी दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले में कोमल प्रकाश पाटील (28), विजय नरोत्तम पाटील (52), हेरंब महेश चौधरी (19), ज्ञानेश्वर भास्कर भोई (19) और संजय सोनू बडे (26) को गिरफ्तार कर लिया गया है। अदालत ने सभी आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक को जलगांव जिला शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसके हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि की है।
