इमरान खान, जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

महाराष्ट्र के जलगांव शहर के टॉवर चौक क्षेत्र स्थित रामनिवास लॉज के पास अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तीन दमकल गाड़ियों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 मार्च की शाम करीब 5 बजे नवी पेठ इलाके में नवजीवन कपड़ा दुकान के पास स्थित शिवराम लॉजिंग में हुई। आग तेजी से फैलने के कारण कुछ समय के लिए आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। दमकल विभाग ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और इमारत में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस आगजनी में लॉजिंग के अंदर रखा फर्नीचर, एसी, पंखे, गद्दे और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
अग्निशमन अधिकारी शशिकांत वाघ, अविनाश खरडे, नंदन पाटील सहित अन्य कर्मचारियों ने आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
