आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:
भिंड जिले के मौ नगर स्थित मस्जिद रहमानिया में रमज़ान के पवित्र महीने में कुरान शरीफ मुकम्मल होने के उपलक्ष्य में एक विशेष जलसे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मस्जिद को आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर जगमगा उठा और माहौल बेहद रूहानी हो गया।
कार्यक्रम में हाफ़िज़ मुजस्सम खान ने कुरान शरीफ मुकम्मल किया। इस मौके पर मस्जिद में मौजूद लोगों ने दुआ की और अल्लाह से अमन-चैन व खुशहाली की प्रार्थना की।
बताया गया कि मस्जिद में 16 बच्चे 10 दिनों की विशेष दुआ के लिए ठहरे हुए हैं, जिनकी रहनुमाई कारी इसरार सुल्तान कर रहे हैं। बच्चों को कुरान शरीफ और दीन की तालीम दी जा रही है।
कार्यक्रम की जानकारी मस्जिद के इमाम सैय्यद अबरार सुल्तान ने दी। उन्होंने बताया कि रमज़ान के पाक महीने में ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, अमन और इबादत का पैगाम देते हैं।
