साबिर खान, लखनऊ/नई दिल्ली, NIT:

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र में भीमसेना एवं संविधान सुरक्षा पार्टी (एसएसपी) के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर पर 10 मार्च की रात हुए गोलीबारी हमले के मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना के चार दिन बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित फैंस द्वारा हमले की जिम्मेदारी लेने और धमकी भरे पोस्ट करने से सनसनी फैल गई है।
फेसबुक पर वायरल पोस्ट में सतपाल तंवर को अपशब्द कहे गए हैं और अगली बार उन्हें तथा उनकी पत्नी एडवोकेट निशा तंवर को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ये पोस्ट “Andy Rajput” और “Fan Lawrence Dada Ka” नाम के अकाउंट से लगभग एक जैसे शब्दों में शेयर किए गए हैं, जिनमें दावा किया गया है कि देवबंद में हुई फायरिंग उन्हीं लोगों ने करवाई है।

घटना के बाद से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस टीम ने कार के गेट में फंसी गोली भी बरामद कर ली है। एडवोकेट निशा तंवर की तहरीर पर मामला दर्ज कर हर एंगल से जांच की जा रही है। हालांकि घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस को जांच में कठिनाई आ रही है।
सूत्रों के अनुसार सतपाल तंवर को पहले भी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई की ओर से धमकियां मिल चुकी हैं। पिछले वर्षों में अनमोल बिश्नोई द्वारा फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला गुरुग्राम में दर्ज हुआ था।

अब सोशल मीडिया पर सामने आए इन पोस्ट के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पोस्ट करने वाले खुद को लॉरेंस बिश्नोई का फैन बताते हुए यह भी लिख रहे हैं कि वे लगातार सतपाल तंवर की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं और मौका मिलते ही हमला करने की बात कह रहे हैं।
सहारनपुर पुलिस ने पहले ही फायरिंग की घटना में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार का तकनीकी परीक्षण किया जा चुका है और सबूत फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की भी जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद भीमसेना और एसएसपी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। तंवर की सहयोगी वंशिका ने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला वास्तव में किसी गैंग के इशारे पर हुआ या सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले केवल सनसनी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

