तारिक खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:

ग्राम घोघरी-सुल्तानगंज रोड पर गुरुवार रात करीब 8:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में गुजरात से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम केसलोन थाना सुल्तानगंज निवासी जयकुमार पिता जालम सिंह कुशवाहा (18 वर्ष) और शंकर पिता भैयालाल (22 वर्ष) मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान घोघरी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जयकुमार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा।
घटना को एक राहगीर ने देख तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद 108 एम्बुलेंस और थाना सुल्तानगंज को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंची एम्बुलेंस टीम में मौजूद डॉक्टर जयसिंह ठाकुर और पायलट मुकेश प्रजापति ने सूझबूझ का परिचय देते हुए खाई में गिरे घायल जयकुमार को स्पाइन बोर्ड की मदद से सावधानीपूर्वक ऊपर लाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुल्तानगंज ले जाया गया।
डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सागर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

