लगातार हादसों के बाद प्रशासन सख्त, बजरंगगढ़ बायपास और भुल्लनपुरा तिराहे पर चला बुलडोजर | New India Times

इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

शहर के व्यस्ततम बजरंगगढ़ बायपास और एबी रोड पर लगातार हो रहे जानलेवा हादसों के बाद जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई के मूड में है। शनिवार को नगर पालिका, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने भुल्लनपुरा तिराहे पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर अतिक्रमण विरोधी बड़ी कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से दुकानों के बाहर बने स्थायी चबूतरे, टीनशेड और अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया।

हादसों के बाद जागा प्रशासन

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों बजरंगगढ़ बायपास पर एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें एक बालक का पैर ट्रक की चपेट में आने से बुरी तरह कुचल गया था। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखा गया और लोगों ने सड़क जाम कर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की थी।

इसके अलावा एबी रोड पर भी एक अनियंत्रित ट्रक ने चार लोगों को टक्कर मार दी थी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी। इन गंभीर घटनाओं के बाद कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार और नगर पालिका की टीम सक्रिय हो गई।

अस्थायी और स्थायी निर्माणों पर चली जेसीबी

शनिवार को हुई कार्रवाई के दौरान तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा, नगर पालिका और पुलिस की टीम भुल्लनपुरा तिराहे पर पहुंची। यहां दुकानों के आगे रखे गए अस्थायी सामान को जब्त करने के साथ ही सड़क की सीमा में आने वाले स्थायी निर्माणों को जेसीबी से हटाया गया। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि बजरंगगढ़ बायपास पर जहां पहले कार्रवाई रोकी गई थी, उसे अब लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।

दोबारा सर्वे और सख्त कार्रवाई की तैयारी

नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में केवल अस्थायी कब्जे हटाए गए थे, लेकिन अब स्थायी अतिक्रमणों को चिन्हित करने के लिए दोबारा विस्तृत सर्वे कराया जा रहा है। अधिकारियों ने दुकानदारों और मकान मालिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपने चबूतरे और टीनशेड हटा लें, अन्यथा प्रशासन उन्हें बलपूर्वक हटाकर सड़क की वास्तविक चौड़ाई बहाल करेगा।

सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन अब उन धर्मकांटों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी नजर रख रहा है, जिनकी वजह से बायपास पर जाम की स्थिति बनती है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version