मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
कटनी-बिलासपुर रेल खंड पर शनिवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब कोयले से लदी एक मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना कटनी के एनकेजे (New Katni Junction) क्षेत्र के अंतर्गत गायत्री नगर आउटर के पास हुई है। इस घटना के बाद से इस व्यस्त रेल मार्ग पर आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।
सुबह 11 बजे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर की ओर से आ रही कोयला लोड मालगाड़ी शनिवार सुबह लगभग 11 बजे कटनी पहुंचने वाली थी। इसी दौरान गायत्री नगर आउटर के पास ट्रेन के चार से अधिक डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
रेलवे प्रशासन में मचा हड़कंप
हादसे की खबर मिलते ही रेल प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया। मौके पर जीआरपी (GRP), आरपीएफ (RPF) के जवानों के साथ रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम पहुंच चुकी है। एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) की मदद से बेपटरी हुए डिब्बों को वापस ट्रैक पर लाने और रेल लाइन को दुरुस्त करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।
यात्री ट्रेनें प्रभावित
इस दुर्घटना के कारण कटनी-बिलासपुर मार्ग पर चलने वाली कई यात्री ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है। रूट बाधित होने की वजह से कुछ ट्रेनों को बीच के स्टेशनों पर रोका गया है, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता ट्रैक को जल्द से जल्द खाली कर यातायात बहाल करने की है।
