संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थ एवं अवैध शराब की खरीद-फ रोख्त करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में दिनांक 05.03.2026 को हजीरा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ट्रिपल आईटीएम की तरफ से एक सफेद रंग की कार में अवैध शराब भरकर मुरैना की ओर ले जाई जा रही है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व/यातायात) श्रीमती विदिता डागर (भा.पु.से.) ने थाना हजीरा पुलिस को मुखबिर की सूचना की तस्दीक कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी महाराजपुरा नागेंद्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेंद्र सिंह तोमर ने पुलिस टीम को मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर कार्रवाई के लिए भेजा।
पुलिस टीम ने शनि काली माता मंदिर के पास घेराबंदी कर वाहन का इंतजार किया। कुछ समय बाद एक सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने कार भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मोबाइल वाहन अड़ाकर कार को रोक लिया।
कार की जांच करने पर उसमें दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ में चालक ने अपना नाम बिरजू उर्फ रामब्रज सिंह गुर्जर, पिता गब्बर सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम कैमरा थाना सरायछोला जिला मुरैना बताया। वहीं बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम रवि कुमार राठौर, पिता शिवचरण सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी इस्लामपुरा थाना सिटी कोतवाली जिला मुरैना बताया।
पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट से अंग्रेजी शराब के 4 कार्टून तथा डिक्की से देशी प्लेन मदिरा की 3 पेटियां बरामद हुईं। शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित लाइसेंस मांगा गया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
आरोपियों का यह कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत दंडनीय पाए जाने पर पुलिस ने रॉयल स्टेज और मैकडॉवेल नंबर-1 ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 4 कार्टून (35.28 लीटर) तथा देशी प्लेन मदिरा की 3 पेटियां (27 लीटर) कुल 62.28 लीटर शराब, जिसकी कीमत लगभग 55,140 रुपये है, जब्त कर ली। इसके साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) भी जब्त कर ली गई।
इस मामले में थाना हजीरा में अपराध क्रमांक 70/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
जब्त सामग्री:
देशी प्लेन मदिरा की 3 पेटियां
अंग्रेजी शराब (रॉयल स्टेज व मैकडॉवेल नंबर-1) के 4 कार्टून
कुल शराब: 62.28 लीटर (कीमत लगभग 55,140 रुपये)
स्विफ्ट कार (कीमत लगभग 5 लाख रुपये)
सराहनीय भूमिका:
थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेंद्र सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक उमाकांत शर्मा, अजय सेंगर, अनिल गुप्ता, आरक्षक प्रमोद शर्मा, अखिलेश छारी, योगेंद्र तोमर, अनिल कुमार नरवरिया एवं दीपक चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
