मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि शाहजहांपुर जनपद विकास की राह पर निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि जन सूचना अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता के साथ निर्वहन करना चाहिए और निर्धारित समय सीमा के भीतर सूचना से संबंधित आवेदनों का जवाब प्रेषित करना सुनिश्चित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनपद के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को यहां उचित सम्मान दिया गया है। वर्तमान प्रदेश सरकार ने उनके नाम पर जिले को मेडिकल कॉलेज का महत्वपूर्ण उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का इन्फ्रास्ट्रक्चर और वहां उपलब्ध सुविधाएं विश्वस्तरीय हैं।
डॉ. अग्निहोत्री ने बताया कि जनपद में एक जिला एक उत्पाद (ODOP) और एक जिला एक मेडिकल कॉलेज योजना सफलतापूर्वक साकार हो रही है। इसके साथ ही यहां सीमेंट कंपनी समेत कई औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कभी दम तोड़ने के कगार पर पहुंच चुका जरी-जरदोजी का पारंपरिक हस्तशिल्प अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है। साथ ही गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण से जिले को व्यापक आर्थिक और औद्योगिक लाभ मिलने की उम्मीद है। औद्योगिक गलियारे का निर्माण भी तेजी से प्रगति पर है।
