हैदराबाद में तेजस्व शुक्ला ने लहराया जीत का परचम, राष्ट्रीय शेफ प्रतियोगिता में जीता प्रथम स्थान | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:


पेटलावद क्षेत्र की प्रतिभाएं लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मेहनत और लगन से पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में रायपुरिया निवासी तेजस्व रजनीकांत शुक्ला ने हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित शेफ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

करियर के चुनाव में नया उदाहरण
ग्रामीण परिवेश से निकलकर अपने सपनों को साकार करने वाले तेजस्व ने युवाओं के लिए एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्रारंभिक शिक्षा सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल, पेटलावद से पूर्ण करने के बाद उन्होंने कोटा में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी की। दो प्रयासों के बाद अपेक्षित सफलता न मिलने पर उन्होंने अपने शौक पाककला को ही अपना करियर बनाने का निर्णय लिया।

तेजस्व ने हैदराबाद स्थित Culinary Academy of India में प्रवेश लिया और वर्तमान में Osmania University से शेफ की डिग्री प्राप्त कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अब तक पूर्ण हुए पांचों सेमेस्टर में वे कॉलेज टॉपर रहे हैं। अंतिम सेमेस्टर के बाद वे Radisson Blu चेन्नई में सीनियर मैनेजर के पद से अपने करियर की शुरुआत करेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि
हाल ही में चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित “कुलिनरी ओलंपियाड” प्रतियोगिता, जिसका आयोजन South Indian Chefs Association (SICA) द्वारा किया गया, में देशभर के नामी-गिरामी शेफ ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में शेफ तेजस्व रजनीकांत शुक्ला ने अपने कॉलेज CAI हैदराबाद का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और 1,00,000 रुपये की पुरस्कार राशि जीती।

सफलता का श्रेय परिजनों को
तेजस्व ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिजनों को दिया। उन्होंने बताया कि डॉक्टर बनने का सपना पूरा न होने पर परिवार ने उनके निर्णय का सम्मान किया और पाककला को करियर के रूप में अपनाने में पूरा सहयोग दिया।

उनके पिता श्री रजनीकांत शुक्ला क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं वरिष्ठ पत्रकार हैं तथा सामाजिक-धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। माता श्रीमती मंजू शुक्ला रायपुरिया कन्या विद्यालय में शिक्षिका के पद पर पदस्थ हैं। माता-पिता की प्रेरणा, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी।

क्षेत्र में हर्ष की लहर
तेजस्व की इस उपलब्धि पर ब्राह्मण समाज पेटलावद, लायंस क्लब सेंट्रल, शिक्षक संघ, बीमा अभिकर्ता संघ, गायत्री शक्ति पीठ मंदिर ट्रस्ट, व्यापारी संघ, पत्रकार संघ, अभिभाषक संघ सहित अनेक सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

तेजस्व शुक्ला की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लगन और आत्मविश्वास हो तो किसी भी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version