अशफ़ाक़ क़ायमखानी, सीकर/जयपुर (राजस्थान), NIT:

राजस्थान के नागौर जिले के डेगाना उपखंड के खींवताना गांव के निवासी दिलीप की ईरान-इजराइल के बीच चल रहे तनाव के दौरान हुए मिसाइल हमले में मौत हो गई। घटना 1 मार्च को सुबह करीब 7 बजे ओमान पोर्ट के पास हुई बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, दिलीप एस.के.एस. कृषि मरीन सर्विसेज (ओपीसी) प्राइवेट लिमिटेड (RPSL-MUM-162345) के माध्यम से स्काईलाइट कंपनी के तेल टैंकर पर कार्यरत थे। इसी दौरान जहाज पर मिसाइल गिरने से वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हमले के बाद जहाज पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि जहाज के पायलट आशीष कुमार भी घटना के बाद से लापता हैं। हमले में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।घटना की सूचना जैसे ही खींवताना गांव पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने केंद्र सरकार से मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर पार्थिव देह को भारत लाने और लापता लोगों की सुरक्षित खोज की मांग की है।प्रशासन की ओर से परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है और विदेश मंत्रालय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
