मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
दिनांक 28/02/2026 को छत्रपति शिवाजी महाराज शासकीय महाविद्यालय, जिला बुरहानपुर में शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश के अंतर्गत राष्ट्रीय कार्यबल मानसिक स्वास्थ्य एवं छात्र कल्याण पहल के तहत एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन सह अधीक्षक, जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य:
विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आत्महत्या के चेतावनी संकेतों की पहचान करना, आत्महत्या रोकथाम, नशीले पदार्थों से बचाव तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रहा।
विद्यार्थियों को मानसिक अस्वस्थता के लक्षणों की पहचान, आत्महत्या रोकथाम के उपाय, ‘गेटकीपर (मित्रम)’ की भूमिका, काउंसलिंग सेल की उपयोगिता तथा मनहित एप और टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी दी गई।
मनोविशेषज्ञ डॉ. नयन मालवीय एवं मनकक्ष टीम द्वारा परीक्षा के दौरान मानसिक संतुलन बनाए रखने, तनाव एवं भय पर नियंत्रण पाने के उपायों पर भी मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि “मदद मांगना कमजोरी नहीं, समझदारी है।”
संकट की स्थिति में मनहित एप, टेली मानस हेल्पलाइन 14416 एवं काउंसलिंग सेल का उपयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में शॉर्ट फिल्म के माध्यम से प्रेरणा दी गई तथा आत्महत्या के मामलों में कमी लाने एवं रोकथाम हेतु शपथ दिलाकर संकल्प भी कराया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाते हुए एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं संवेदनशील शैक्षिक वातावरण की दिशा में प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में मनकक्ष, जिला बुरहानपुर के मनोविशेषज्ञ डॉ. नयन मालवीय, मनकक्ष विभाग जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में पदस्थ सीनियर नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती सीमा डेविड, महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
