कुंदरकी में टायर कारोबारी की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने इंस्टाग्राम वीडियो में ली जिम्मेदारी | New India Times

आलम वारसी, ब्यूरो चीफ, मुरादाबाद (यूपी), NIT:

कुंदरकी में शुक्रवार रात पुलिस चौकी के पास एक टायर कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के करीब एक घंटे बाद आरोपी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली।

1 मिनट 9 सेकंड के वीडियो में आरोपी ने आपसी रंजिश के चलते हत्या करने की बात कही और तीन-चार गोलियां मारने का दावा किया। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शुक्रवार देर रात करीब साढ़े दस बजे आरोपी मोहम्मद अरमान ने इंस्टाग्राम पर “अरमानत_डिफाल्टर_444” नाम की आईडी से वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में वह कहता नजर आ रहा है, “मैं मोहम्मद अरमान हूं। मैंने अभी अनीस पाशा को तीन-चार गोलियां मारी हैं। हमारी आपसी रंजिश थी।

ताजमहल चुनाव के दौरान उसने मुझे मारा था और मुझ पर चोरी का आरोप लगाया था। मुझे कमरे में बंद करके पीटा गया था। उसने मुझे और मेरे पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी कारण मैंने उसे मार दिया। यह रहा हथियार (वीडियो में तमंचा दिखाते हुए), इससे मैंने उस पर गोलियां चलाईं। मेरे किसी दोस्त या परिवार के सदस्य को परेशान न किया जाए। यह मेरी व्यक्तिगत रंजिश थी।”

मृतक अनीस कुंदरकी के रहने वाले थे और पाकबड़ा में उनकी टायर की दुकान है। वह वार्ड 33 की जिला पंचायत सदस्य महजबी के चचेरे देवर थे। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है, जब कुछ लोगों ने टायर कारोबारी को गोली मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version