अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

आगामी होली त्यौहार के मौके पर शुद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। कलेक्टर भोपाल कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने खजूरी सड़क स्थित टोल प्लाजा के पास एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान एक वाहन से लगभग 27 क्विंटल मावा, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है, जब्त किया गया। इसके अलावा 45 किलो पनीर भी बरामद किया गया। मिलावट की आशंका के आधार पर मावा और पनीर को जब्त करते हुए दोनों के पांच-पांच नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग द्वारा पिछले एक माह में भी व्यापक अभियान चलाया गया है। इस दौरान भोपाल के विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों से नमकीन, मिठाई, पनीर, तेल, मैदा, बेसन सहित कुल 234 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
