संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

अमानगंज तहसील परिसर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। न्याय की उम्मीदों का केंद्र माने जाने वाले तहसील परिसर में रात के अंधेरे में असामाजिक तत्वों द्वारा शराब पार्टी किए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गुरुवार सुबह जब अधिवक्ता अपने-अपने चैंबर पहुंचे तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। चैंबरों के अंदर और बाहर शराब व बीयर की खाली बोतलें बिखरी पड़ी थीं। सिगरेट के टुकड़े, गुटखा के रैपर और डिस्पोजेबल ग्लास चारों ओर फैले हुए थे। पूरे परिसर में गंदगी का आलम था, जिससे तहसील की गरिमा को ठेस पहुंची है।

अधिवक्ता अजय सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से अज्ञात लोग रात के समय परिसर में घुसकर शराबखोरी कर रहे हैं। इससे न केवल परिसर में गंदगी फैल रही है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।

अधिवक्ताओं ने इस संबंध में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि पास स्थित श्रीजी पैलेस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार हेमंत अवधिया ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया है कि परिसर की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। उन्होंने रात के समय चौकीदार की तैनाती और नियमित निगरानी के निर्देश देने की बात कही है।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन और पुलिस इस मामले में कितनी शीघ्र कार्रवाई करती है।
