संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

भारत सरकार के अंतर्गत गृह मंत्रालय एवं दूरसंचार विभाग द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं विश्लेषण के लिए विभिन्न पोर्टलों का संचालन किया जा रहा है। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल के माध्यम से इन पोर्टलों का उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में दो दिवसीय साइबर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण में निम्नलिखित पोर्टलों एवं विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई—
1. National Cyber Crime Reporting Portal (NCRP)
2. Samanvay Portal (JIMIS)
• SIM एवं IMEI आधारित इंटरलिंकज एनालिसिस / क्राइम एनालिसिस रिपोर्ट
• साइबर क्राइम मैपिंग (प्रतिबिंब)
3. बैंक अकाउंट आधारित इंटरलिंकज एनालिसिस / म्यूल अकाउंट्स
4. Cyber Investigation Assistance Request (CIAR)
5. Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल
6. E-Zero F.I.R.
7. Cashless Treatment – P.M. Rahat Scheme
उक्त सभी पोर्टलों के संचालन हेतु समस्त जिलों के पुलिस थानों को एक्सेस प्रदान किया गया है। शहरी एवं देहात क्षेत्र के सभी थानों से सब-इंस्पेक्टर एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को प्रशिक्षण के लिए नामांकित किया गया।
दो दिवसीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य साइबर संबंधी सभी पोर्टलों की जानकारी देकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित करना था, ताकि इन पोर्टलों का दैनिक कार्यों में अधिकतम उपयोग कर साइबर अपराधों से संबंधित समस्याओं का समय पर निराकरण किया जा सके और आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जा सके।
कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण उपरांत प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) अभ्यास भी कराया गया, जिसमें 10 प्रतिभागियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया। बढ़ते साइबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा समय-समय पर इस प्रकार की साइबर कार्यशालाओं के निरंतर आयोजन के निर्देश दिए गए हैं।
