अतीश दीपंकर ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

एनटीपीसी कहलगांव द्वारा आयोजित पूर्वी क्षेत्र-1 आईआरएसएम फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य शुभारंभ हुआ।

यह चार दिवसीय टूर्नामेंट एनटीपीसी की ईआर-1 परियोजनाओं के बीच खेल भावना, टीमवर्क और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों के आगमन एवं स्वागत से हुई, जिसके पश्चात कहलगांव, फरक्का, बरौनी, बाढ़, बीआरबीसीएल, एनपीजीसीएल और कांटी से आई सभी सहभागी टीमों की औपचारिक लाइन-अप प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (ओ एंड एम) मनौरंजन परिदा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में अर्चना पटेल (अध्यक्ष, सृष्टि समाज), मधुमिता दास (उपाध्यक्ष, सृष्टि समाज), भारती नंदन (कमांडेंट, सीआईएसएफ), सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि तथा सृष्टि समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री परिदा ने खेलों के माध्यम से अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व कौशल के विकास पर प्रकाश डाला तथा सभी टीमों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। इसके उपरांत खेल शपथ दिलाई गई।
महाप्रबंधक (ओ एंड एम) द्वारा मशाल सौंपे जाने के साथ मशाल रिले का आयोजन किया गया, जिसमें सभी टीमों के कप्तानों ने भाग लिया और टूर्नामेंट की ज्योति प्रज्वलित की गई।
कार्यक्रम की शोभा उस समय और बढ़ गई जब आईआरएसएम लोगो, फुटबॉल खेलते हुए ‘गौर’ मैस्कॉट वीडियो और ट्रॉफी का अनावरण किया गया। इसके पश्चात गुब्बारों का विमोचन किया गया।
विद्या भवन द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों का मन मोह लिया। अंत में घंटी बजाकर पहले मैच का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
ईआर-1 आईआरएसएम फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 ने पहले दिन से ही जोश, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। आगामी दिनों में और भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।
यह जानकारी एनटीपीसी कहलगांव के पीआरओ चेव्वाकुला श्रीकांत, प्रबंधक (निगम संचार) ने दी।
