निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
इटवा थाना क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताज़ा मामलों में तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की वारदातों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बाइक चोरी
बिशुनपुर वैराडीह निवासी बब्बू चौहान की UP55K7247 हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। पीड़ित ने बाइक की तलाश कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मुडीला शिवदत्त में जनरेटर का अल्टीनेटर चोरी
मुडीला शिवदत्त गांव में कब्रिस्तान की दीवार निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान गांव समाज के जनरेटर से चोरों ने अल्टीनेटर खोलकर चोरी कर लिया। घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है।

आनंद नगर चौराहे के पास दुकान में तीसरी बार चोरी
इटवा-बिस्कोहर मार्ग पर आनंद नगर चौराहे स्थित एक धुलाई व पंचर की दुकान से चोरों ने मोटर और हवा प्रेशर पाइप चोरी कर लिया। खास बात यह है कि इसी दुकान में यह तीसरी बार चोरी की घटना हुई है, जिससे दुकानदार में भारी रोष है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब कभी-कभी पुलिस रात में गश्त के लिए निकलती भी है, तो हूटर (सायरन) बजाते हुए निकलती है। लोगों ने सवाल उठाया कि यह चोरों को सतर्क करने के लिए है या केवल औपचारिक ड्यूटी निभाने के लिए?
तीनों पीड़ितों ने इटवा थाने में लिखित शिकायत देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
