संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

खिरवा ग्राम में हुए बहुचर्चित गोलीकांड को लेकर मंगलवार को ककरहाई और भटवा के ग्रामीणों ने अमानगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने सड़क पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात चली गोली में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए तथा पीड़ित की पत्नी को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है, हालांकि अभी तक गोलीकांड के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दे रहा है और शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
