आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

दबोह नगर में रविवार शाम करीब 6 बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान मुकेश कुरचानिया उर्फ गिरोंड़े के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मुकेश वार्ड क्रमांक 15 में सब्जी मंडी गेट के सामने बाइक से जा रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसकी पीठ में गोली मार दी। गोली लगने के बाद मुकेश कुछ दूरी तक बाइक चलाता रहा, लेकिन शराब ठेके के सामने गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम
घायल मुकेश को तुरंत लहार सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने शाम 7 बजे से 8:30 बजे तक लहार थाने के सामने मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात पूरी तरह ठप रहा। मौके पर पहुंचे एसडीओपी के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम हटाया।
दो नामजद आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज
देर रात दबोह थाना पुलिस ने अमित यादव और भगवान सिंह जाटव के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। दिनदहाड़े हुई हत्या से दबोह और लहार क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
