अशफ़ाक़ क़ायमखानी, सीकर/जयपुर (राजस्थान), NIT:

लक्ष्मणगढ़ के खींवासर क्षेत्र की सियासत में उस समय हलचल तेज हो गई जब स्थानीय ग्रामीण भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रधान प्रत्याशी भागीरथ गोदारा के बिड़ोदी बड़ी स्थित निवास पहुंचे। शिष्टाचार भेंट के साथ इस गतिविधि के राजनीतिक मायने भी निकाले जाने लगे हैं।
ग्रामीणों ने क्षेत्र की पेयजल, सड़क, बिजली, किसानों की समस्याओं सहित अन्य मूलभूत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। साथ ही हाल ही में बजट में स्वीकृत सड़कों के लिए गोदारा का आभार जताया और जनप्रतिनिधियों से लगातार जनता के बीच रहने की अपेक्षा जताई।
भागीरथ गोदारा ने भरोसा दिलाया कि वे पहले की तरह हर जनसमस्या के समाधान के लिए सक्रिय रहेंगे और जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
मुलाकात के दौरान आगामी पंचायत समिति चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर जोर दिया।
गोदारा ने स्पष्ट किया कि चुनाव पद का नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास का संकल्प है और सभी के सहयोग से सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
