आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जिले में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहाँ ठगों ने एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी से 14 लाख 43 हजार 300 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चंदनगांव निवासी कोमल दियावार, जो छिंदवाड़ा में टीआई (थाना प्रभारी) के पद पर पदस्थ रह चुके हैं, को ठगों ने निशाना बनाया। ठगों ने समको ट्रेडिंग कंपनी के नाम से मिलता-जुलता एक फर्जी ग्रुप बनाया, जिसमें पीड़ित को भी जोड़ लिया गया।
ग्रुप के माध्यम से मोटा मुनाफा दिखाने का लालच देकर ठगों ने पीड़ित से अलग-अलग खातों में पैसे जमा करवाए। जब अचानक ग्रुप में गतिविधियां बंद हो गईं, तो पीड़ित को ठगी का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
